
सुबोध तिवारी
भिलाई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत 15 सितंबर से वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को सफल बनाने और प्रदेशभर के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने भाजयुमो ने तैयारी तेज कर दी है।
भिलाई में आयोजित बैठक में भाजपा राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभु, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया, वैशाली नगर विधायक एवं यात्रा संयोजक रिकेश सेन और भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन समेत भाजपा-भाजयुमो के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि वडनगर से करीब 500 युवाओं का समूह अलग-अलग मार्गों से वाराणसी पहुंचेगा, जबकि देश के विभिन्न हिस्सों से भी युवा इस यात्रा में शामिल होंगे।
सिद्धार्थ शंभु ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है। उन्होंने युवाओं से सेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि युवा शक्ति ही सेवा और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने युवाओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने कहा कि युवा मोर्चा हर अभियान को सफल बनाने में अग्रणी रहा है। उन्होंने यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेशभर के युवाओं से जुटने का आह्वान किया। टिकरिया ने कांग्रेस और भाजपा सरकारों की तुलना करते हुए कहा कि पहले केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से केवल 25 पैसे जनता तक पहुंचने की बात कही जाती थी, जबकि मोदी सरकार में योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच रही है। महतारी वंदन योजना को उन्होंने इसका उदाहरण बताया।
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल राजनीतिक उपलब्धियों की नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा हैं।
बैठक के अंत में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प यात्रा को भव्य बनाने और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने का संकल्प लिया।Tv24 CgDurg@subodhtiwari 9827404862, 9630000793




















































